छत्तीसगढ़ कैडर के IAS का आग पर चलने का VIDEO:कलेक्टर रहते नक्सलियों ने किया था एलेक्स पॉल को अगवा; एडवेंचर के हैं शौकीन

छत्तीसगढ़ कैडर के IAS एलेक्स पॉल मेनन जलते अंगारों पर नंगे पैर चल रहे हैं। उन्होंने इसका वीडियो भी सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। इसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। IAS एलेक्स एडवेंचर के शौकीन हैं। वह अक्सर बाइक से रोड ट्रिप पर भी निकलते हैं।
फिलहाल जो वीडियो अभी वायरल हो रहा है, उसमें IAS एलेक्स अपने दोस्तों के साथ नजर आ रहे हैं। वे उनको आग पर चलने में मदद करते दिखाई दे रहे हैं। करीब 3 साल पहले एलेक्स पॉल मेनन प्रतिनियुक्ति पर अपने गृह राज्य तमिलनाडु गए थे। वे वहां अभी मद्रास विशेष आर्थिक क्षेत्र प्राधिकरण के जॉइंट कमिश्नर हैं।

सुकमा कलेक्टर रहते नक्सलियों ने किया था अगवा
एलेक्स पॉल मेनन 2012 में सुकमा जिले के कलेक्टर थे। 21 अप्रैल 2012 को केरलापाल स्थित मांझी पारा में जल संरक्षण कार्यों के नक्शे का अवलोकन करने के दौरान नक्सलियों ने उन्हें अगवा कर लिया था। नक्सली वहां पहुंचे और आंखों में पट्टी बांधकर जंगल में ले गए थे।
नक्सलियों ने उन्हें 12 दिनों तक बंधक रखा। मध्यस्थों के जरिए बातचीत के बाद कलेक्टर को रिहा कराया गया था। बताया गया था कि नक्सलियों के चंगुल से छूटने के बाद से IAS एलेक्स ने प्रतिनियुक्ति मांग रहे थे। हालांकि 9 साल बाद उनका यह इंतजार खत्म हो सका।

2006 बैच के हैं IAS
एलेक्स पॉल मेनन तमिलनाडु के रहने वाले हैं। 2005 में रैंक कम आने के कारण उन्हें इंडियन रेवेन्यू सर्विस मिली थी। उन्होंने फिर कड़ी मेहनत की और अगले ही साल 2006 में IAS पास कर ली। रैंकिंग की वजह से उन्हें तमिलनाडु की जगह छत्तीसगढ़ कैडर मिला था।