छत्तीसगढ़

रायपुर समेत सभी संभागों में बारिश के आसार:अगले 48 घंटे दिन-रात के तापमान में बदलाव नहीं; 3 दिन के लिए यलो अलर्ट

छत्तीसगढ़ में बढ़ते तापमान के बीच अब मौसम में अगले तीन दिनों तक बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के जिलों में बारिश की संभावना जताई है। अगले 3 दिनों के लिए कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। 24 से 26 फरवरी के बीच रायपुर समेत, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में गरज चमक के साथ बारिश के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक प्रदेश में अगले 48 घंटों में दिन और रात के तापमान में कोई विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं। इसके बाद सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में 2 से 3 डिग्री तापमान में गिरावट होगी। बस्तर संभाग को छोड़कर सभी संभाग में मौसम शुष्क रहेगा।

सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में एक सिस्टम है, जो समुद्र तल से 0.9 किलो मीटर ऊपर स्थित है। शुक्रवार को सबसे ज्यादा दुर्ग में 33.6 डिग्री तापमान डोंगरगढ़ में रहा। वहीं, सबसे कम सरगुजा में 12.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

प्रदेश के जिलों में अधिकतम तापमान की स्थिति।
प्रदेश के जिलों में अधिकतम तापमान की स्थिति।

रायपुर में रात का तापमान सामान्य से ऊपर

रायपुर में रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 19.4 और अधिकतम 32 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रात का तापमान भी औसत से 2 डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 26 फरवरी को जिले के एक दो स्थानों पर बारिश की संभावना है। आज का तापमान 32 डिग्री और 20 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

सरगुजा में दिन का तापमान सामान्य से कम

सरगुजा संभाग में दिन का तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया। अंबिकापुर का न्यूनतम पारा 12.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। 25 फरवरी को सरगुजा और जशपुर में हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं, 26 फरवरी को संभाग के सभी जिलों में बारिश होगी। सिस्टम बनने के कारण दिन का तापमान गिर सकता है।

बिलासपुर में दिन का तापमान औसत से 1 डिग्री कम

बिलासपुर में अधिकतम तापमान औसत से कम रहा है। यहां रात का तापमान सामान्य रहा, जबकि दिन का पारा 30.8 डिग्री रहा। जिले में रात का तापमान 17.9 डिग्री पर पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 25 फरवरी को रायगढ़ और कोरबा जिले में हल्की बूदां-बांदी के आसार हैं। वहीं, 26 फरवरी को बिलासपुर संभाग के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

शहरों में रात का तापमान

शहर न्यूनतम तापमान सामान्य से अंतर
रायपुर 19.4 डिग्री + 2 डिग्री
रायपुर (माना) 17.2 डिग्री +1 डिग्री
बिलासपुर 17.9 डिग्री +1 डिग्री
अंबिकापुर 12.5 डिग्री -2 डिग्री
पेंड्रा 12.8 डिग्री -2 डिग्री
दुर्ग 16.6 डिग्री -1 डिग्री
राजनांदगांव 21.6 डिग्री -1 डिग्री
जगदलपुर 19.1 डिग्री +3 डिग्री

बस्तर में होगी बारिश

मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक आज और कल बस्तर संभाग के सभी जिलों में हल्की बूंदा-बांदी के आसार हैं। आज बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर में बारिश की संभावना है। वहीं, 25 फरवरी को बस्तर संभाग के सभी जिलों में बारिश का अनुमान है। जगदलपुर में दिन का तापमान 32 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से 1 डिग्री कम रहा। वहीं, रात का तापमान 19.1 डिग्री रहा जो औसत से 3 डिग्री ज्यादा रहा।

GPM में 2 डिग्री गिरा दिन-रात का पारा

गौरैला-पेन्ड्रा-मरवाही जिले में दिन का तापमान औसत से 2 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। यहां दिन का तापमान 27.2 डिग्री रहा। वहीं, रात का तापमान 12.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!