पुलिस लाइन में ढोल-नगाड़ों पर नाचते दिखे पुलिस अफसर, खाकी ने जमकर उड़ाया रंग-गुलाल

होली का त्योहार मेरठ में शांति के साथ संपन्न हुआ। शहर में सक्रिय रहीं पुलिसटीम ने कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया। जनता द्वारा पर्व मनाने के बाद बारी थी पुलिसकर्मियों की। शनिवार को पुलिस लाइन में खाकी का अलग ही रंग देखने को मिला। पुलिस लाइन में पुलिस ने भी होली का त्योहार धूमधाम से मनाया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ होली खेली।
पुलिस लाइन में ढोल नगाड़ों की धुन पर पुलिसकर्मी नाचते गाते रहे। कई पुलिसकर्मियों पर होली का खुमार इस कदर चढ़ा कि उन्होंने एक दूसरे साथियों को रंगों से सराबोर कर डाला।
पुलिस लाइन में दमकल की गाड़ियों में रंग भरकर पुलिसकर्मियों पर उड़ेला गया। रंगों की बौछार ने सभी को सराबोर कर दिया। जोश, उत्साह और उमंग के साथ सभी पुलिसकर्मियों ने मिल जुलकर होली का त्योहार मनाया।