छत्तीसगढ़रायपुर

आर्थिक गड़बड़ी पर गिरी गाज: अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव शैलेंद्र दुबे निलंबित

रायपुर 23 फरवरी 2026/उच्च शिक्षा विभाग ने आर्थिक अनियमितताओं के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलसचिव और वर्तमान उप कुलसचिव शैलेंद्र दुबे को निलंबित कर दिया है। इस संबंध में मंत्रालय से आदेश जारी होते ही विश्वविद्यालय प्रशासन में हलचल तेज हो गई है।

सूत्रों के मुताबिक विश्वविद्यालय में क्रय-विक्रय प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में सामग्री खरीदी के दौरान वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि की है। विशेष रूप से Government e-Marketplace (GeM) पोर्टल के जरिए की गई खरीद में नियमों के उल्लंघन और प्रक्रियागत त्रुटियों का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट में वित्तीय अनुशासन की अनदेखी को गंभीर माना गया है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर उच्च शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। साथ ही पूरे प्रकरण में विस्तृत विभागीय जांच भी अलग से संचालित की जाएगी।

विभाग ने साफ किया है कि शासकीय संस्थानों में पारदर्शिता और वित्तीय जवाबदेही से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप की स्थिति है और आगे की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button