छत्तीसगढ़बिलासपुर

ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश, 45 लाख की संपत्ति के साथ मास्टरमाइंड गिरफ्तार

बिलासपुर, 20 मार्च 2026/डिजिटल दुनिया में फैलते सट्टा नेटवर्क पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए एक संगठित ऑनलाइन गेमिंग सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। “रिक्की पैनल” के जरिए देशभर में सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से लाखों की नगदी और करोड़ों के लेन-देन के सुराग मिले हैं।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “प्रहार” अभियान के तहत एसीसीयू (साइबर सेल) और सिविल लाइन थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क का खुलासा किया। लंबे समय से फरार चल रहा मुख्य आरोपी राजेश उर्फ राजा बजाज, जिस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था, आखिरकार रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी “रिक्की पैनल” के माध्यम से Aviator, Wingo, Casino और Horse Riding जैसे ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर सट्टा खिलवाते थे। टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए देशभर के ग्राहकों को जोड़कर यह गिरोह संगठित तरीके से अवैध कारोबार चला रहा था। मुनाफे का 65 प्रतिशत हिस्सा हेड ऑफिस और 35 प्रतिशत ब्रांच स्तर पर बांटा जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 लाख 90 हजार रुपये नगद, महंगे मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक पासबुक, चेकबुक, फर्जी सिम कार्ड, तीन कारें और एक स्कूटी सहित करीब 45 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। साथ ही दो रजिस्टर भी मिले हैं, जिनमें ऑनलाइन सट्टे के लाखों रुपये के लेन-देन का विस्तृत हिसाब दर्ज है।

गिरफ्तार आरोपियों में राजेश उर्फ राजा बजाज (34 वर्ष) निवासी मोपका और प्रदीप खत्री (34 वर्ष) निवासी मंगला शामिल हैं। पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी फर्जी बैंक खातों और सिम कार्ड के जरिए लेन-देन कर अपनी पहचान छिपाते थे और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलते रहते थे।

इस मामले में पहले ही एक अन्य आरोपी मनोज पोपटानी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसकी निशानदेही पर इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों में हुए लाखों के ट्रांजेक्शन की गहराई से जांच कर रही है और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर कार्रवाई की तैयारी में है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!