गर्लफ्रेंड पीटती थी, बॉयफ्रेंड ने मारकर जलाई लाश:आरोपी बोला-शराब के नशे में बेइज्जत करती थी, इसलिए पीटकर गला भी घोंट दिया
रायगढ़ में 2 महीने पहले मिले कंकाल मामले में हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। असल में वह कंकाल एक युवती का था। उसकी हत्या की गई थी। हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके बॉयफ्रेंड ने ही की थी।
आरोपी ने बताया कि वो शराब पीकर मुझे पीटती और बेइज्जत करती थी। इसलिए मैंने गला घोंटकर उसे मार दिया। फिर शव को जलाकर कुएं में फेंक दिया था। इस केस में पुलिस ने अब आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। मामला घरघोड़ थाना क्षेत्र का है।
22 जून को बरोनाकुंडा गांव के झरिया टिकरा में कुंए में प्लास्टिक बोरे में मानव कंकाल मिला था। आस-पास के लोगों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी थी। जिसके बाद से पुलिस इस केस में जांच कर रही थी। पुलिस ने इसके लिए आस-पास के थानों में भी संपर्क किया था।
अफेयर की बात पता चली
पुलिस को जांच में पता चला था कि घटनास्थल से 20 किमी दूर ग्राम पुरी की एक 25 साल की युवती लापता है। ये पता चलने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों से पूछताछ शुरू की। ग्रामीणों से पूछताछ में यह पता चला कि युवती मजदूरी करती थी। उसका कुडूमकेला के सोहन दास महंत जो राज मिस्त्री का काम करता था, उसके साथ प्रेम प्रसंग है।
परेशान था प्रेमी
इसके बाद पुलिस ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि सोहन कुछ दिनों से काफी परेशान दिखाई दे रहा है। साथ ही वह युवती भी दोबारा उसके साथ नहीं देखी गई है। फिर सोहन दास को हिरासत में लिया गया था।