रायपुर 22 मार्च 2026/शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का खेल उस वक्त उजागर हो गया, जब पुलिस ने बंजारी मंदिर के पास दबिश देकर एक शख्स को रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से 16 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 64 हजार रुपये बताई जा रही है। बिना किसी वैध दस्तावेज के इतने बड़े पैमाने पर सिलेंडर रखना, सीधे तौर पर अवैध कारोबार की ओर इशारा करता है।
रायपुर कमिश्नरेट के नार्थ जोन में चल रहे सख्त अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी दौरान थाना खमतराई पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि बंजारी मंदिर क्षेत्र में एक व्यक्ति भारी मात्रा में गैस सिलेंडर जमा कर रखा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर दबिश दी। घेराबंदी के बीच आरोपी संजय साव को पकड़ा गया। जब उससे सिलेंडरों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागज नहीं दिखा सका। पुलिस ने मौके से कुल 16 इंडियन घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिए और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रांसपोर्ट नगर रावाभाठा इलाके का रहने वाला है और संतोष किराना स्टोर के पास संचालित गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि सिलेंडरों का इस्तेमाल अवैध सप्लाई या कालाबाजारी के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने इस पूरे मामले में थाना खमतराई में इस्तगासा क्रमांक 03/26 के तहत धारा 106 बीएनएसएस में कार्रवाई दर्ज की है, वहीं जब्त सिलेंडरों की जानकारी खाद्य विभाग को भी भेजी जा रही है ताकि आगे की जांच गहराई से हो सके।

