बिलासपुर 18 मार्च 2026)खाद्य विभाग की टीम जूना बिलासपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गैस सिलेंडर रिफिलिंग करने के मामले का खुलासा किया है। सूचना के आधार पर टीम ने हर्ष स्टोर्स नामक दुकान और संचालक हर्ष गुप्ता के घर में छापा मारकर 6 नग घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। जांच के दौरान मौके से दो पीतल के रिफिलिंग यंत्र और 50 किलोग्राम क्षमता वाली एक हैगिंग वेइंग मशीन भी बरामद की गई, जिसका उपयोग अवैध रूप से सिलेंडर भरने में किया जा रहा था। जब्त की गई सभी सामग्री को कार्रवाई के बाद अभिनव गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया है। खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है और अब तक अलग-अलग पांच प्रकरणों में कुल 210 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और ब्लैक मार्केटिंग पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और संभावित सप्लाई बाधित होने की आशंका के चलते इन दिनों गैस एजेंसियों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है। कई जगह सिलेंडर की कमी की चर्चा के बीच ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिकायत मिलने पर लगातार छापेमारी की जाएगी और अवैध भंडारण या रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




