छत्तीसगढ़रायपुर

थाना आजाद चौक क्षेत्र में चाकू टिकाकर नगदी रकम लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायपुर 23 फरवरी 2026/राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र में आधी रात सुनसान गली में चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अब भी फरार है। घटना ने शहर में देर रात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामला 20 फरवरी 2026 की रात का है। ग्राम सुरपा, थाना आर. जामगांव जिला दुर्ग निवासी मनीष कुमार यदु ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह मंदिर हसौद चौक से एक मोटरसाइकिल चालक के साथ लिफ्ट लेकर रायपुर आ रहा था। रास्ते में चालक ने उसे शराब पिलाने की बात कही। लाखेनगर चौक पहुंचने के बाद चालक ने उसे उतार दिया और कुछ देर बाद अपने मित्र के साथ लौटकर सरोना स्थित जायका शोरूम छोड़ने का झांसा देकर मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। रात करीब एक बजे मुकुट नगर के आगे एक सुनसान गली में बाइक रोक दी गई।

पीड़ित के मुताबिक, दोनों युवकों ने अचानक पैसे की मांग शुरू कर दी। जब उसने पैसे नहीं होने की बात कही तो उसे पकड़कर पेट पर चाकू सटा दिया गया और जेब में रखे 10 हजार रुपये लूट लिए गए। शिकायत के आधार पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 46/25 दर्ज कर धारा 309(4) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत मामला कायम किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर पुलिस टीम ने ताबड़तोड़ दबिश दी। जांच के दौरान शेख कबीर (22) निवासी ईदगाहभाठा को पकड़कर पूछताछ की गई, जहां उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट की 1500 रुपये नगदी और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। राजधानी में चाकू की नोक पर हुई इस वारदात ने एक बार फिर राहगीरों को सतर्क रहने की चेतावनी दे दी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!