- बिलासपुर 27 फरवरी 2026/छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट और जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी अज्ञात लोगों ने दी है। धमकी भरा पत्र न्यायालय के अधिकारिक मेल एड्रेस पर भेजा गया है। मेल मिलते ही पुलिस ने हाई कोर्ट और जिला न्यायालय में सघन जांच अभियान चलाया। इसके बाद सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। सिविल लाइन थाना प्रभारी सुम्मत साहू ने बताया कि बुधवार की दोपहर जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी अधिकारिक ई मेल पर भेजी गई थी। मेल मिलने के बाद छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। साथ ही जिला न्यायालय परिसर में जांच की गई। जांच में दोनों जगहों पर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मामले की सघन तलाशी व जांच की जा रही है।

