फ्री ट्रेनिंग से नौकरी का मौका
सारंगढ़-बिलाईगढ़ 18 मार्च 2026/दसवीं, बारहवीं और आईटीआई पास युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिले में 1 अप्रैल से शुरू हो रहा निशुल्क आवासीय कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को सीधे नौकरी से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अलाइन पाठ्यक्रमों और लॉन्ड्री ऑपरेशंस स्किल डेवलपमेंट के तहत यह प्रशिक्षण पूरी तरह व्यावहारिक और रोजगारोन्मुख होगा। खास बात यह है कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को भी बराबरी का अवसर मिल सके।
प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को 30 मार्च तक आवेदन करना होगा। इसके लिए कलेक्ट्रेट सारंगढ़ में नोडल अधिकारी पुरुषोत्तम स्वर्णकार और वरिष्ठ लिपिक लीलाधर अजगले से संपर्क किया जा सकता है।
यह पहल राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचा (एनएसक्यूएफ) के तहत श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट और द लॉन्ड्री बैग के सहयोग से संचालित की जा रही है। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों का मूल्यांकन, प्रमाणन और यथासंभव प्लेसमेंट मार्गदर्शन भी सुनिश्चित किया जाएगा। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के साथ किए गए एमओयू के आधार पर लागू किया जा रहा है।
यह योजना सिर्फ प्रशिक्षण नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को दिशा देने का प्रयास है। अब सवाल यह है कि कितने युवा इस मौके को पहचानकर अपने करियर को नई उड़ान देते हैं।

