छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर में पत्रकार एकता का शक्ति प्रदर्शन, सुबोध तिवारी बने श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष

कृष्णा सिंह बाबा होंगे प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष 0 महासचिव शशांक दुबे एवं चुनाव अधिकारी विनोद सिंह की उपस्थिति में प्रक्रिया सम्पन्न

बिलासपुर, 23 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ के पत्रकार जगत में रविवार को उस वक्त उत्साह और एकजुटता का माहौल देखने को मिला, जब बिलासपुर के नूतन कॉलोनी स्थित नामदेव भवन में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ऐतिहासिक गरिमा के साथ संपन्न हुई। प्रदेश भर से पहुंचे पत्रकारों की मौजूदगी में सुबोध तिवारी को सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह ने विधिवत प्रक्रिया पूरी कर उनके नाम की घोषणा की, जिसका समर्थन कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा सिंह बाबा, राधेश्याम कोरी और उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गूंज के साथ किया।

नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सुबोध तिवारी ने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान से अधिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की प्राथमिकता पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा है। शासन-प्रशासन के समक्ष पत्रकारों की जायज मांगों को मजबूती से रखने का संकल्प भी उन्होंने दोहराया। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा सिंह बाबा ने संगठन को परिवार की संज्ञा देते हुए कहा कि आने वाले समय में ग्रामीण अंचलों के पत्रकारों को मुख्यधारा से जोड़ने का अभियान तेज किया जाएगा।

प्रदेश महासचिव शशांक दुबे ने निर्वाचन प्रक्रिया से लेकर आयोजन की सफलता तक पारदर्शिता और अनुशासन को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि संघ की नियमावली सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर असंवैधानिक गतिविधियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। वरिष्ठ सदस्य महेश तिवारी ने इसे पत्रकार एकता का महाकुंभ बताते हुए कहा कि बिलासपुर से उठी यह ऊर्जा पूरे प्रदेश में सकारात्मक संदेश देगी।

बैठक में एक अहम संगठनात्मक निर्णय भी लिया गया। पूर्व में कुछ स्थानों पर गैर-संवैधानिक तरीके से की गई नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया और स्पष्ट किया गया कि पहले से वैधानिक रूप से नियुक्त पदाधिकारी ही अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। लगभग 150 से अधिक पत्रकारों की उपस्थिति ने इस आयोजन को प्रदेश स्तर का शक्ति प्रदर्शन बना दिया, जहां एकजुटता और संगठन की मजबूती का स्पष्ट संदेश दिखाई दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!