
रायपुर 2 फरवरी 2026/राजधानी में लगातार बढ़ रही दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर आखिरकार बड़ा ब्रेक लग गया है। रायपुर कमिश्नरेट की क्राइम एवं साइबर टीम ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की है। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की मॉनिटरिंग में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित कर वाहन चोरों की धरपकड़ तेज की गई थी। टीम ने घटना स्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों पर नजर रखी।
इसी दौरान पंडरी क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही टीम ने एक्टिवा सवार दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में रोका। पूछताछ से बचने के लिए दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राज सोनी (24 वर्ष) निवासी आरव्हीएच कॉलोनी छोटापारा खमतराई और सुभाष कुम्हार (19 वर्ष) निवासी दोंदेखुर्द थाना विधानसभा बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि वे पंडरी बाजार से वाहन चोरी कर रहे थे।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दोनों ने रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के साथ-साथ दुर्ग जिले के छावनी क्षेत्र से भी वाहन चोरी किए हैं। बरामद चार वाहनों में थाना पंडरी, खम्हारडीह, खरोरा और दुर्ग के छावनी थाना में पहले से अपराध पंजीबद्ध थे। शेष छह वाहनों के संबंध में थाना पंडरी में पृथक से 35(1+3) बीएनएसएस/303 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 10 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। खास बात यह है कि आरोपी सुभाष कुम्हार वर्ष 2025 में भी चार वाहन चोरी के मामले में थाना खमतराई से जेल जा चुका है, लेकिन जेल से छूटते ही फिर चोरी की राह पकड़ ली।
क्राइम ब्रांच पुलिस का कहना है कि राजधानी में वाहन चोरी की घटनाओं पर सख्त अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

