बिलासपुर 23 फरवरी 2026/मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या से बिलासपुर का आध्यात्मिक रिश्ता इस वर्ष फिर और मजबूत होने जा रहा है। रामनवमी के शुभ अवसर पर 25 मार्च को 1008 श्रद्धालुओं का विशाल दल अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान करेगा। यात्रा संयोजक व समाजसेवी प्रवीण झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह आयोजन लगातार तीसरे साल किया जा रहा है और इसे लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
ईदगाह चौक स्थित प्रेस क्लब में मीडिया से चर्चा करते हुए प्रवीण झा ने जानकारी दी कि पिछली दो यात्राओं के माध्यम से अब तक 2016 श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। इस वर्ष भी 1008 भक्तों को निःशुल्क अयोध्या धाम ले जाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा पूरी तरह मुफ्त रहेगी, लेकिन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा।
पंजीयन प्रक्रिया 1 मार्च से शुरू होगी और प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक पुलिस मैदान स्थित निर्धारित केंद्र पर आवेदन लिए जाएंगे। सीमित सीटों के कारण पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर नाम दर्ज किए जाएंगे। यात्रा में शामिल होने के लिए आयु 18 से 65 वर्ष के बीच होना जरूरी है और आवेदक का स्वस्थ होना अनिवार्य रहेगा। एक परिवार से अधिकतम दो सदस्य ही शामिल हो सकेंगे। रजिस्ट्रेशन के समय दो पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करना जरूरी होगा। बीते वर्ष वेटिंग लिस्ट में रहे श्रद्धालुओं को इस बार प्राथमिकता देने की भी घोषणा की गई है।
यात्रा 25 मार्च को सुबह 11 बजे पुलिस ग्राउंड से रवाना होगी। इस अवसर पर 25 बसें और 10 कारें अयोध्या के लिए प्रस्थान करेंगी। आयोजकों के अनुसार सफर के दौरान भोजन, सुरक्षा और ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। सभी यात्रियों को निर्धारित वाहनों से ही जाना होगा और अनुशासन का पालन करना अनिवार्य रहेगा।
आयोजकों का कहना है कि यह यात्रा सिर्फ धार्मिक दर्शन तक सीमित नहीं, बल्कि बिलासपुर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को अयोध्या से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। वर्षों से यहां रामनवमी, रामायण मंडलियों और भक्ति कार्यक्रमों की समृद्ध परंपरा रही है, जिसे यह पहल नई ऊर्जा दे रही है।
प्रेस वार्ता में सहयोगी प्रफुल शर्मा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, रिंकू मित्रा और राजीव अग्रवाल भी मौजूद रहे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से समय रहते पंजीयन कर इस पुण्य यात्रा में शामिल होने की अपील की है।





