छत्तीसगढ़रायपुर

सड़क सुरक्षा पर जागरूकता अभियान, सुरक्षित भव फाउंडेशन की नई पहल

रायपुर 16 मार्च 2026) राजधानी में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सुरक्षित भव फाउंडेशन द्वारा होटल बेबीलोन कैपिटल में विशेष सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान औपचारिक रूप से ‘रोड सेफ्टी क्लब’ का शुभारंभ भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने भाग लेकर सड़क सुरक्षा का संकल्प लिया।कार्यक्रम में विशेषज्ञों और अधिकारियों ने प्रतिभागियों को सुरक्षित ड्राइविंग, यातायात नियमों के पालन और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और ट्रैफिक सिग्नलों का सम्मान करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही दुर्घटना की स्थिति में घायलों को प्राथमिक उपचार देने, एम्बुलेंस को तत्काल सूचना देने और समय पर सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सतीश ठाकुर, रेड क्रॉस सोसाइटी के सहायक प्रबंधक देव प्रकाश कुर्रे, सीपीआर प्रशिक्षक डॉ. वैभव शर्मा और उनकी टीम, यातायात प्रशिक्षक टी.के. लाल भोई, होटल बेबीलोन कैपिटल के संचालक परमजीत सिंह, सुरक्षित भव फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. संदीप धूप्पड़, डायरेक्टर केशव राव, डिप्टी डायरेक्टर निधि अग्रवाल और मैत्री व्यास सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

इसी अवसर पर सड़क सुरक्षा के प्रति निरंतर जागरूकता बनाए रखने के लिए रोड सेफ्टी क्लब की शुरुआत की गई और नवनियुक्त पदाधिकारियों ने शपथ भी ली। रायपुर के लिए इकबाल खान और दुर्ग के लिए हरप्रीत सिंह को क्लब का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों और नागरिकों के बीच जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम और सामाजिक गतिविधियों के जरिए सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उन लोगों को भी ‘सुपर हीरो सम्मान’ से सम्मानित किया गया, जिन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की। कार्यक्रम के अंत में सुरक्षित भव फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. संदीप धूप्पड़ ने अधिक से अधिक लोगों से रोड सेफ्टी क्लब से जुड़ने की अपील की, जबकि डायरेक्टर केशव राव ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!