छत्तीसगढ़बिलासपुर

प्रशासन की अनदेखी, जलपरी आईलैंड हुआ बदहाल

बिलासपुर। शहर के इंदु उद्यान चौक के पास सुंदरीकरण के उद्देश्य से बनाए गए जलपरी आईलैंड की हालत बदहाल हो चुकी है। कभी शहरवासियों के लिए आकर्षण के केंद्र रहा यह स्थल अब नगर निगम की अनदेखी और लापरवाही को साबित कर रहा है। जलपरी की प्रतिमा पर धूल की मोटी परत जम चुकी है। आसपास गाजर-घास और झाड़ियां उग आई हैं। इससे पूरा क्षेत्र उपेक्षित नजर आता है। सुरक्षा के लिए लगाई गई रेलिंग का बड़ा हिस्सा चोरी हो चुकी है। वहीं सुंदरता बढ़ाने लगाई गई लाइटें भी लंबे समय से बंद पड़ी हैं।लोगों का कहना है कि पहली नजर में ही यह प्रतीत होता है कि वर्षों से इस स्थल की कोई सुध नहीं ली गई है। शाम के समय जब उद्यान में घूमने वालों की संख्या बढ़ती है, तब अंधेरा और अव्यवस्था उन्हें निराश करती है। जलपरी आईलैंड का उद्देश्य जहां शहर को एक नया सौंदर्य बिंदु के रूप में विकसित किया गया था लेकिन प्रशासन की अनदेखी की वजह से आज जलपरी उद्यान की हालत खराब हो चुकी है अनदेखी की मुख्य वजह नियमित निरीक्षण और मेंटेनेंस की कमी, बजट होने के बावजूद रखरखाव पर खर्च नहीं करना है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने से चोरी की घटनाएं होने के साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता ही अनदेखी की मुख्य वजह है। वहीं वर्तमान स्थिति शहर की प्रशासनिक उदासीनता को उजागर कर रही है। नगर निगम द्वारा शहर को सुंदर और पर्यटन के लिहाज से आकर्षक बनाने के दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन जलपरी आईलैंड की बदहाली इन दावों पर सवाल खड़ी करती है। अब स्थिति यह है कि जलपरी आईलैंड अपनी मूल अवधारणा और आकर्षण दोनों खोने के कगार पर है।

Related Articles

Back to top button