छत्तीसगढ़रायपुर

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: कालीमाता वार्ड के शक्ति नगर में ‘मुक्कड़’ बंद कराने निगम का जनजागरूकता अभियान

रायपुर 20 फरवरी 2026/ रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 3 स्वास्थ्य विभाग ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत कालीमाता वार्ड क्रमांक 12 के शक्ति नगर क्षेत्र में खुले में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर एवं आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर संचालित इस अभियान में जोन अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू और जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय स्तर पर कार्रवाई की गई।

जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार ताण्डी की उपस्थिति में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रामकी कंपनी के सुपरवाइजर, वार्ड की मितानिनों और आंगनबाड़ी सहायिकाओं के साथ मिलकर शक्ति नगर के रहवासियों से सीधा संवाद किया। अभियान का उद्देश्य ‘मुक्कड़’ के रूप में विकसित हो रहे अनधिकृत कचरा स्थलों को बंद कराना और लोगों को घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था का पालन करने के लिए प्रेरित करना रहा। टीम ने नागरिकों को समझाया कि खुले में कचरा फेंकने से न केवल क्षेत्र की स्वच्छता प्रभावित होती है, बल्कि संक्रामक रोगों का खतरा भी बढ़ता है।

अभियान के दौरान रहवासियों को सूखा और गीला कचरा पृथक रखने, निर्धारित समय पर कचरा वाहन को सौंपने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। निगम अमले ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग तभी संभव है जब नागरिक सहभागिता सुनिश्चित हो और प्रत्येक वार्ड स्तर पर स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया जाए।

स्वास्थ्य विभाग ने संकेत दिया कि जनजागरूकता के साथ-साथ निगरानी भी सख्त की जाएगी और निर्देशों की अवहेलना करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम जोन 3 की यह पहल शक्ति नगर क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता दोनों को बल मिलेगा।

Related Articles

Back to top button