रायपुर 22 फरवरी 2026/राजधानी में स्वच्छता अभियान के बीच सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करना एक नागरिक को महंगा पड़ गया। नगर निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और मौके पर ही 100 रुपये का जुर्माना ठोकते हुए कड़ी चेतावनी दी। कार्रवाई के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप की स्थिति बन गई।
यह कार्रवाई नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 9 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वार्ड क्रमांक 51 क्षेत्र में की। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों के तहत टीम सफाई व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति सार्वजनिक मार्ग पर खुलेआम पेशाब करते हुए पाया गया। टीम ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे स्वच्छता नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी और 100 रुपये का स्पॉट फाइन वसूल किया।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिया है कि स्वच्छ सर्वेक्षण को देखते हुए शहर में गंदगी फैलाने, सार्वजनिक स्थानों को अस्वच्छ करने या नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब नरमी नहीं बरती जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार मैदान में उतरकर निगरानी कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करें, अन्यथा छोटी लापरवाही भी जेब पर भारी पड़ सकती है।





