रायपुर 5 मार्च 2026/शहर की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में रायपुर पुलिस को नया कमिश्नर कार्यालय मिल गया है। गुरुवार को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सिविल लाइन स्थित सी-3 परिसर में नए पुलिस कमिश्नर कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया।
उद्घाटन के साथ ही अब रायपुर पुलिस कमिश्नरेट से जुड़े सभी प्रशासनिक और कार्यालयीन कार्य सिविल लाइन सी-3 स्थित नए कार्यालय से संचालित किए जाएंगे। नए भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ विभिन्न शाखाओं के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है, जिससे पुलिस प्रशासन के कार्यों के संचालन में और अधिक दक्षता आएगी।
इस अवसर पर एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस अमित कामले, डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर, डीसीपी सेंट्रल उमेश गुप्ता, डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी ट्रैफिक विकास कुमार सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी और पुलिस विभाग का कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा।
पुलिस अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नए कार्यालय के शुरू होने से कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के कार्यों में गति आएगी।



