भिलाई नगर। हिन्दू जनजागृति समिति के सदस्यों ने आज भिलाई चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन से सौजन्य भेंट की। इस मुलाक़ात के दौरान व्यापारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल, तनावमुक्त जीवन और स्वभाव दोष निर्मलम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने इस अवसर पर सुझाव दिया कि इन विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, जिससे व्यापारी वर्ग और कर्मचारी समाज दोनों को लाभ मिल सके।
चर्चा के दौरान यह निर्णय लिया गया कि हिन्दू जनजागृति समिति जल्द ही भिलाई चेम्बर के साथ मिलकर विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य व्यापारिक वातावरण को और अधिक सकारात्मक बनाना, कर्मचारियों के बीच सामंजस्य बढ़ाना तथा तनावमुक्त जीवनशैली को प्रोत्साहित करना होगा। समिति का मानना है कि यदि व्यापारी और कर्मचारी दोनों ही संतुलित और सहयोगी दृष्टिकोण अपनाएँ, तो कार्यस्थल का वातावरण अधिक उत्पादक और सुखद बन सकता है।
इस अवसर पर हिन्दू जनजागृति समिति के महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ संगठक सुनील घनवट ने अजय भसीन से भेंट की और विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि समाज में समरसता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। इस अवसर पर समिति के सदस्य हेमंत कांस्कर, नीरज, कमज बिस्वाल और सुनील मिश्रा सहित चेम्बर के कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत किया और इसे समाजहित में एक सकारात्मक कदम बताया।


