सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी सौगात के रूप में उसलापुर स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत स्टेशन की सेकेंड एंट्री को अत्याधुनिक स्वरूप दिया जाएगा, जिससे यात्रियों की आवाजाही और सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।
रेल प्रशासन द्वारा बताया गया कि इस नए प्लेटफॉर्म विकास कार्य के अंतर्गत स्टेशन परिसर का नवीनीकरण, यात्री प्रतीक्षालयों का उन्नयन, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक टिकट काउंटर और डिजिटल सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएँ शामिल की जा रही हैं।
योजना के तहत स्टेशन को न केवल सुविधाजनक बनाया जाएगा बल्कि इसे स्मार्ट और आकर्षक रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी अनुभूति मिल सके।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से उसलापुर स्टेशन के विस्तार और सुधार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी होती दिख रही है।
रेल अधिकारियों का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद उसलापुर स्टेशन बिलासपुर क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण और मॉडल स्टेशन के रूप में उभरेगा।
स्टेशन में होंगी मुख्य विशेषताएँ
# सेकेंड एंट्री का पूर्ण विकास
होगा।
# आधुनिक प्रतीक्षालय एवं
प्लेटफॉर्म।
# डिजिटल सूचना एवं टिकटिंग
व्यवस्था।
# बेहतर यात्री सुविधा एवं
सुरक्षा व्यवस्था।
उसलापुर आदर्श रेलवे स्टेशन को यात्रियों की सुविधा के पुनर्विकसित करने का काम किया जा रहा है, जो अमृत भारत स्टेशन के तहत हो रहा है। इसमें फेस वन और फेस टू के लिए बजट सेंक्शन है। आगामी दिनों में सेकेंड एंट्री की ओर में कार्य किए जाएंगे जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगें।
-अनुराग कुमार सिंह,
सीनियर डीसीएम, बिलासपुर






