बिलासपुर के तालापारा, मिनीबस्ती और मिशनगंज इलाके में दहशत फैलाकर माहौल बिगाड़ने वाले बदमाशों पर सिविल लाईन पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि इलाके में हड़कंप मच गया और छह आरोपियों को सीधे कोर्ट से जेल पहुंचा दिया गया। लगातार मिल रही अशांति, हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों की शिकायतों के बाद सिविल लाईन पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए अलग-अलग इलाकों में दबिश दी और एक-एक कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई में घोड़ादान स्कूल के पास थाना तारबाहर निवासी 21 वर्षीय राज कुर्रे पिता विजय पाल कुर्रे, मंगला धुरीपारा थाना सिविल लाईन निवासी 35 वर्षीय दीपक कोसले पिता छोटेलाल कोसले, घोड़ादान स्कूल के पास थाना तारबाहर निवासी 18 वर्षीय दक्ष इंगोले पिता स्वर्गीय गुलाबी इंगोले, महर्षि यूनिवर्सिटी गेट के सामने मंगला निवासी 36 वर्षीय सोनू सिंह राजपूत पिता अशोक राजपूत, मिनीबस्ती बड़े जैतखंब के पास जरहाभाठा थाना सिविल लाईन निवासी 21 वर्षीय अमित जांगड़े उर्फ दादु पिता स्वर्गीय सुदामा जांगड़े और उसी इलाके के 19 वर्षीय विकास टंडन पिता दरबारी लाल टंडन को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक ये सभी आरोपी क्षेत्र में अशांति फैलाने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे, जिससे स्थानीय लोग परेशान थे और इलाके का माहौल लगातार खराब हो रहा था। सिविल लाईन थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि तालापारा, मिनीबस्ती और मिशनगंज जैसे संवेदनशील इलाकों में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सख्ती का संदेश साफ दिखाई दे रहा है और बदमाशों में खौफ का माहौल बन गया है।






