बिलासपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बिलासपुर मंडल द्वारा विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाकर रेलवे कर्मचारियों एवं यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान 2026” के अंतर्गत 15 मई से 5 जून तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
अपनी पानी की बोतल साथ रखने और प्लास्टिक कचरा कम करने का दिया संदेश
अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए स्वच्छ और हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान यात्रियों से विशेष रूप से अपील की गई कि वे यात्रा के समय अपनी पानी की बोतल साथ रखें तथा एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के उपयोग को कम करें। रेलवे प्रशासन ने बताया कि प्लास्टिक कचरे में कमी लाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है, क्योंकि यह पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।
अभियान में लोगों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने और दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। रेलवे द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चरणबद्ध तरीके से जागरूकता, संवाद और व्यवहार परिवर्तन की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।





