बिलासपुर 19 जून 2026/ थाना रतनपुर अंतर्गत ग्राम बेलतरा में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम बेलपारा निवासी प्रदीप रजक (20 वर्ष) और संदीप रजक (23 वर्ष), पिता स्व. कुश कल्लू रजक, बाइक से बेलतरा की ओर कुछ सामान लेने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान कोरबा की ओर से बेलतरा की तरफ आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG 12 BN 2296 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।हादसा शाम करीब 7:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। एक ही परिवार के दो बेटों की दर्दनाक मौत से बेलपारा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





