बिलासपुर 20 अगस्त 2026/ जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अवि मानिकपुरी ने स्वर्ण पदक जीतकर देश, छत्तीसगढ़ और बिलासपुर का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर भारतीय मानिकपुरी पनिका समाज में हर्ष और गौरव का माहौल है।
प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित मानिकपुरी ने अवि मानिकपुरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की सफलता नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। अवि ने अपनी अथक मेहनत, अनुशासन, लगन और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा लहराया है और पूरे विश्व में भारतीय मानिकपुरी पनिका समाज के साथ-साथ अपने परिवार का नाम भी रोशन किया है।
डॉ. ललित मानिकपुरी ने कहा कि अवि मानिकपुरी ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उनकी सफलता समाज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि एक युवा खिलाड़ी द्वारा समाज को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना हम सभी के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान की बात है।
उन्होंने आगे कहा कि अवि मानिकपुरी ने अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने के साथ-साथ पूरे समाज का मस्तक ऊंचा किया है। भारतीय मानिकपुरी पनिका समाज उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करता है और विश्वास व्यक्त करता है कि वे आने वाले समय में भी देश के लिए अनेक स्वर्णिम उपलब्धियां हासिल कर भारत का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
डॉ. ललित मानिकपुरी ने अंत में पुनः अवि मानिकपुरी को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना की।




