श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ महोत्सव, मंदिर परिसर में पेयजल व विद्युतीकरण कार्य की घोषणा
बसना।
बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मेदनीपुर स्थित पावन स्थल बुधु डोंगर में गिरी गोवर्धन पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई और भगवान श्रीकृष्ण एवं गोमाता के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
समारोह स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात विधायक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीकृष्ण एवं गोमय से निर्मित गिरी गोवर्धन पर्वत की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट के पावन अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सनातन परंपरा का निर्वहन करते हुए गोमाता की आरती उतारी तथा उन्हें श्रद्धापूर्वक गुड़ और चने की दाल खिलाई। उन्होंने गोमाता का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया और उपस्थित जनसमूह से गो-सेवा एवं गो-संरक्षण के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
प्रकृति संरक्षण और गो-सेवा का संदेश देता है गोवर्धन पर्व
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने गोवर्धन पूजा के आध्यात्मिक एवं पौराणिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल एक पारंपरिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और गोधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महापर्व है। सनातन संस्कृति में पर्वत, वृक्ष, नदी और पशुधन को ईश्वरीय स्वरूप मानकर पूजने की परंपरा रही है। गोवर्धन पूजा इसी आस्था और प्रकृति-प्रेम का जीवंत उदाहरण है।
पौराणिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि द्वापर युग में देवराज इंद्र के अहंकार के कारण जब ब्रजभूमि पर मूसलाधार वर्षा हुई, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठिका अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण कर ब्रजवासियों, ग्वालों और मूक पशुओं की रक्षा की थी। भगवान श्रीकृष्ण की यह लीला हमें संदेश देती है कि प्रकृति हमें जीवन, जल, चारा और आश्रय प्रदान करती है, इसलिए उसका संरक्षण करना हमारा सर्वोच्च धर्म है। गोवर्धन पर्व अहंकार पर लोक-आस्था और प्रकृति-प्रेम की विजय का प्रतीक है।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गोधन के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि गोमाता हमारी ग्रामीण संस्कृति और कृषि आधारित जीवनशैली की मजबूत रीढ़ हैं। हमारी धार्मिक आस्था के अनुसार गोमाता में तैंतीस कोटि देवी-देवताओं का वास माना जाता है। उन्होंने कहा कि गोधन सुरक्षित और स्वस्थ रहेगा, तो समाज एवं राष्ट्र की समृद्धि का मार्ग भी मजबूत होगा। उन्होंने युवाओं से अपनी सनातन संस्कृति, पारंपरिक जीवन-मूल्यों और गो-संरक्षण के प्रति जागरूक एवं समर्पित रहने का आह्वान किया।
मंदिर परिसर में पेयजल एवं विद्युतीकरण कार्य की सौगात
गोवर्धन महोत्सव के पावन अवसर पर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बुधु डोंगर स्थित गोवर्धन मंदिर परिसर के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने मंदिर परिसर में सुगम पेयजल व्यवस्था के लिए बोरवेल एवं पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने तथा परिसर में उचित प्रकाश व्यवस्था के लिए विद्युतीकरण कार्य कराने की घोषणा की।
विधायक की इस घोषणा पर उपस्थित ग्रामीणों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया। श्रद्धालुओं ने उम्मीद जताई कि इन सुविधाओं से मंदिर परिसर में आने वाले भक्तों को बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी।
जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी, भाजपा महामंत्री गढ़फुलझर प्रहलाद साहू, रंजन साहू, भाजपा जिला संयोजक आर्थिक प्रकोष्ठ सुमित अग्रवाल, नरेंद्र साहू, आयोजनकर्ता गोकुल यादव, सोसायटी अध्यक्ष निमित साहू, प्रमोद भोई, दिव्यानंद भोई, डिग्रीलाल भोई, रामदास यादव, गुरुदेव प्रधान, जितेश यादव, सत्यानंद भोई, पूर्व सरपंच विलास भोई, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष जितेंद्र साव, धर्मोधर होता, सतीश भोई, शोभाराम साव गुरुजी, नवीन भोई, हरिराम साव गुरुजी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख एवं क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आमंत्रित दल अंकोरी, लोहरसिंग, मेदनीपुर के चार स्थानीय दलों तथा केहरपुर के श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता निभाई। धार्मिक आयोजन के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान बुधु डोंगर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।






