मुख्य चौक से दुकान हटाने की मांग पर अड़े ग्रामीण, पंचायत प्रस्ताव और विधायक की अनुशंसा पर कार्रवाई की मांग; मांग पूरी नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी
गढफुलझर 25 नवंबर 2026/ ग्राम पंचायत गढ़फुलझर के मुख्य चौक पर संचालित कंपोजिट शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। बुधवार को गढ़फुलझर सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण एकजुट हुए और शराब दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना शुरू करने का ऐलान करते हुए स्पष्ट किया कि जब तक दुकान का स्थानांतरण नहीं होता, तब तक इसका संचालन बंद रखा जाए। मांग पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में चक्काजाम आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के मुख्य चौक जैसे सार्वजनिक और व्यस्त स्थान पर शराब दुकान का संचालन उचित नहीं है। इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूली छात्र-छात्राओं, महिलाओं और आम नागरिकों का आवागमन होता है। आरोप है कि शराब दुकान के आसपास शराबियों के जमावड़े, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार के कारण महिलाओं एवं बच्चों को असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, मुख्य चौक पर भीड़भाड़ और अव्यवस्थित आवागमन से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थान पर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
महिलाओं और अभिभावकों ने उठाई बच्चों की सुरक्षा की बात
आंदोलन में शामिल महिलाओं और अभिभावकों ने कहा कि जिस रास्ते से बच्चे रोजाना स्कूल आते-जाते हैं, उसी मार्ग पर शराब दुकान होने से उन्हें परेशानी होती है। सार्वजनिक स्थान पर शराबियों का जमावड़ा और कथित अभद्र व्यवहार गांव के सामाजिक वातावरण को प्रभावित कर रहा है। ग्रामीणों ने मांग की कि बच्चों की सुरक्षा, महिलाओं की सुविधा और सार्वजनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शराब दुकान को मुख्य चौक एवं आबादी क्षेत्र से दूर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
पंचायत प्रस्ताव और विधायक की अनुशंसा पर अमल की मांग
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत द्वारा पूर्व में पारित प्रस्ताव तथा क्षेत्रीय विधायक की अनुशंसा पर शीघ्र अमल करने की मांग की। उनका कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी शासन-प्रशासन के समक्ष कई बार आवेदन और मांग रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि दुकान स्थानांतरण की दिशा में ठोस कार्रवाई जरूरी है।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार और आबकारी अधिकारी
ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन और बढ़ती भीड़ को देखते हुए बसना तहसीलदार एवं आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश देने और स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण अपनी मांग पर अडिग रहे। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष दो टूक कहा कि पहले भी कई बार दुकान हटाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। इसलिए इस बार वे ठोस निर्णय चाहते हैं।
आसपास के गांवों से भी मिला समर्थन
गढ़फुलझर में शुरू हुए इस विरोध को आसपास के कई गांवों का समर्थन मिला। कुरचुण्डी, छोटे डाभा, बड़े डाभा, बरोली, पलसापाली, अंकोरी, नानकसागर और साल्हेझरिया सहित अन्य गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण आंदोलन में शामिल हुए। महिलाओं और पुरुषों की व्यापक भागीदारी ने इस मुद्दे को आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की सामूहिक समस्या के रूप में सामने ला दिया है।
मांग पूरी नहीं हुई तो सड़क पर उतरेंगे ग्रामीण
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य चौक से शराब दुकान को तत्काल हटाकर अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। उनका कहना है कि स्थानांतरण होने तक दुकान का संचालन बंद रखा जाए। यदि प्रशासन ने उनकी मांग पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक करते हुए चक्काजाम किया जाएगा।
गढ़फुलझर में शराब दुकान को लेकर उठे विरोध के बाद अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन और आबकारी विभाग के अगले कदम पर टिकी हैं। ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा, महिलाओं की सुविधा और गांव के सार्वजनिक वातावरण का हवाला देते हुए अपनी मांग रखी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है और वर्षों से चली आ रही इस मांग का समाधान कब तक हो पाता है।





