कलेक्टर विनय लंगेह ने सभी शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थाओं एवं सार्वजनिक संगठनों को कार्यक्रम आयोजित करने के दिए निर्देश
महासमुंद, 25 नवंबर। भारतीय संविधान के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 26 नवंबर 2026 को महासमुंद जिले में संविधान दिवस मनाया जाएगा। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय से लेकर विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थाओं, युवा संगठनों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थाओं में जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे भारत के संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) का सामूहिक वाचन किया जाएगा। इसमें अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, युवा एवं आम नागरिक शामिल होंगे।
कलेक्टर विनय लंगेह ने दिए आयोजन के निर्देश
कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने जिले के समस्त कार्यालय प्रमुखों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संविधान दिवस मनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को निर्धारित समय पर कार्यक्रम आयोजित करने तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है।
संविधान दिवस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को भारतीय संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल सिद्धांतों से परिचित कराना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति सम्मान एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता को मजबूत करना है। सामूहिक प्रस्तावना वाचन के माध्यम से संविधान के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।





