बसना।
छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था का प्रतीक गौरा-गौरी महोत्सव नगर में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत बसना के वार्ड क्रमांक 10 में आयोजित गौरा-गौरी पूजन कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव एवं माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। महोत्सव के दौरान विधायक ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक सोंटा प्रहार की रस्म निभाकर लोक-परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं, पूजा समिति के सदस्यों एवं मातृशक्ति ने विधायक डॉ. अग्रवाल का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। इसके पश्चात उन्होंने गौरा-गौरी के विग्रहों के समक्ष पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

महोत्सव के पारंपरिक अनुष्ठान के दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सोंटा (कुश अथवा रस्सी से निर्मित पारंपरिक चाबुक) प्रहार की रस्म में भाग लिया। उन्होंने श्रद्धाभाव के साथ सोंटा की परंपरा का निर्वहन किया। छत्तीसगढ़ की लोकमान्यताओं में इस परंपरा का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व माना जाता है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की लोक-आस्था, सनातन संस्कृति और शिव-शक्ति की आराधना का महत्वपूर्ण पर्व है। सोंटा परंपरा केवल शारीरिक प्रहार नहीं, बल्कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अनिष्ट शक्तियों के निवारण, नकारात्मकता के त्याग और आध्यात्मिक शुद्धि का प्रतीक है। श्रद्धालु इसे भगवान शिव की कृपा और दिव्य प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी लोक-परंपराएं हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ती हैं और समाज में श्रद्धा, संयम तथा सकारात्मकता का संदेश देती हैं।
विधायक ने आगे कहा कि आधुनिकता के इस दौर में अपनी पारंपरिक विरासत, लोककलाओं और धार्मिक मान्यताओं को संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। गौरा-गौरी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सामूहिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है।
महोत्सव के दौरान मांदर, झांझ और नगाड़ों की गूंज के बीच पारंपरिक गौरा-गौरी गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में भाग लेकर भगवान शिव एवं माता पार्वती से परिवार और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, पूजा समिति के पदाधिकारी, युवा वर्ग, माताएं-बहनें एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।








