बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़वट में अवैध रेत खनन के दौरान हुई लापरवाही ने एक नाबालिग की जान ले ली। ममले में पुलिस ने आरोपी तोषण कश्यप के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चालक ने रची ट्रैक्टर पलटने की झूठी कहानी
रतनपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नरेश गर्ग, निवासी नदी रेत खदान गढ़वट की शिकायत और मर्ग जांच के आधार पर यह मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी तोषण कश्यप 44 वर्ष, निवासी ग्राम गढ़वट, द्वारा अधिक रेत निकालने के लालच में खतरनाक परिस्थितियों में मजदूरों को काम पर लगाया गया। आरोपी को यह जानकारी थी कि 6-7 फीट गहरे गड्ढे में कभी भी धंसाव हो सकता है। इसके बावजूद 9 अप्रैल की रात करीब 2:30 बजे उसने अमित कश्यप 17 वर्ष और अमित यादव को उसी गड्ढे में उतार दिया। काम के दौरान अचानक रेत और मिट्टी धंस गई, जिससे अमित कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी ने मामले को छुपाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोसाबाड़ी के पास ले जाकर पलट दिया और इसे सड़क हादसा बताने की कोशिश की। प्रारंभिक सूचना में इसे ट्रॉली पलटने से हुआ हादसा बताया गया था, लेकिन मर्ग जांच में सच्चाई सामने आने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 105-बीएनएस और 238 (बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी है। प्रशिक्ष आईपीएस अंकिता जैन ने बताया जांच के दौरान पाया गया कि अवैध रेत खनन के दौरान यह हादसा हुआ है। आरोपी को जोखिम की जानकारी होने के बावजूद मजदूरों को काम पर लगाया गया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 और 238 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने प्रार्थी नरेश गर्ग की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद आसपास के गांवों में भारी आक्रोश है और अवैध खनन को लेकर प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं।


