रायपुर 24 फरवरी 2026/ राजधानी के व्यस्ततम मार्ग NH-53 रिंग रोड नंबर–1 पर सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत एक कंटेनर ट्रेलर चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले दो चारपहिया वाहनों को टक्कर मारी और फिर एक एक्टिवा सवार को जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में एक्टिवा सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना 23 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 11 बजे थाना कोतवाली क्षेत्र में हुई। कंटेनर ट्रेलर क्रमांक RJ-14-GK-1567 का चालक नागपुर से कुर्सियां लोड कर कोलकाता की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर अनियंत्रित गति से लहराता हुआ चल रहा था। इसी दौरान उसने पहले एक मर्सिडीज और फिर एक XUV 700 को टक्कर मारी। इसके बाद भी चालक नहीं रुका और आगे चल रहे एक्टिवा सवार को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रामकृष्ण अस्पताल, रायपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से ही आरोपी चालक इमारत सिंह राजपूत (31 वर्ष), निवासी मकरझीर सनईडोंगरी, तहसील लखनाडोन, जिला सिवनी (मध्य प्रदेश) को हिरासत में लिया। मेडिकल परीक्षण में आरोपी के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। जांच में उसका ब्रेथ अल्कोहल कंसंट्रेशन (BAC) 275 mg/100 ml पाया गया, जो निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 110 एवं 125(क) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185, 130(3) और 177 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गैर-जमानती प्रकरण में गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर ट्रेलर के दस्तावेज भी जप्त कर लिए गए हैं और वाहन को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।





