बिलासपुर 15 अप्रैल 2026/ मस्तूरी थाना क्षेत्र में ढाबा संचालक से वसूली का दबाव बनाने के आरोप में बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले में एएसआई, थाने के रीडर और एसडीओपी के गनमैन को एसएसपी रजनेश सिंह ने लाइन अटैच कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार मस्तूरी थाना क्षेत्र के दरीघाट स्थित एक ढाबा में दबिश देकर पुलिसकर्मियों ने संचालक को पकड़ लिया। आरोप है कि उसे थाने लाने के बजाय थाने के पीछे स्थित एक पुराने खंडहरनुमा भवन में ले जाया गया, जहां उस पर अवैध शराब बेचने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की धमकी दी गई। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी उसे आबकारी एक्ट के तहत जेल भेजने की बात कहकर बिना कार्रवाई छोड़ने के एवज में पैसे की मांग करने लगे। इसी दौरान थाने के अन्य पुलिसकर्मियों को मामले की भनक लग गई, जिसके बाद ढाबा संचालक को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया। पीड़ित ढाबा संचालक ने मुक्त होने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह से शिकायत की। शिकायत में उसने तीनों पुलिसकर्मियों पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर रुपए मंगने का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। मामले की आगे जांच जारी है।


