सारंगढ़ बिलाईगढ़/भटगांव 16 नवंबर 2026/ नगर पंचायत भटगांव में दुबे परिवार द्वारा श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा का आयोजन 17 से 24 नवंबर 2026 तक श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जाएगा। सात दिवसीय धार्मिक आयोजन को लेकर नगर एवं आसपास के क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कथा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी की लीलाओं, भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान का रसपान कराया जाएगा।
आयोजन का शुभारंभ 17 नवंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा दोपहर 1 बजे केसरवानी मंगल भवन, भटगांव से प्रारंभ होकर एन.डी. वैष्णव हॉस्पिटल के सामने स्थित कथा पंडाल तक पहुंचेगी। कलश यात्रा में मयूरी कर्मा पार्टी, ग्राम कटोद, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) द्वारा विशेष कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके पश्चात दोपहर 3:30 बजे से कथा व्यास आचार्य श्री श्री 1008 पवन कुमार त्रिपाठी जी महाराज अपने मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगे।
आयोजन के दौरान 17 से 24 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से श्री हरि इच्छा तक कथा का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रमों के अंतर्गत हवन, आरती, प्रसाद वितरण एवं भंडारे की भी व्यवस्था रहेगी। आयोजक परिवार द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
यह आयोजन मुकुट लाल दुबे एवं फूल दुबे परिवार के द्वारा किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में संजय दुबे, पंकज दुबे, प्रवेश दुबे सहित समस्त दुबे परिवार एवं इष्ट-मित्र, मीत-मितान परिवार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं में म्यूजिशियन, एंकर, पंडितजी एवं मैनेजमेंट टीम भी जुटी हुई है।
आयोजक परिवार ने नगर पंचायत भटगांव सहित आसपास के सभी ग्रामों के श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार इस पावन आयोजन में सहभागी बनने, श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का श्रवण करने और भक्ति, ज्ञान एवं आध्यात्मिक आनंद के साथ धर्मलाभ अर्जित करने की आत्मीय अपील की है।





