बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड के पास युवक पर चाकू से हमला और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त चाकू और हथौड़ी भी जब्त कर ली गई है। दरअसल कश्यप कॉलोनी निवासी सुजीत पाण्डेय (26) ने ) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 अप्रैल को पुरानी रंजिश के चलते अनुराग कश्यप ने उसे बस स्टैंड के पास गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। इस दौरान आरोपी ने चाकू लेकर उसे दौड़ाया, जिससे वह किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचा। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी उसके घर तक पहुंच गया और दरवाजे पर लात मारते हुए हाथ में रखी हथौड़ी से उसकी बुलेट मोटरसाइकिल (क्रमांक सी जी एच बी 10 9686) में तोड़फोड़ कर फरार हो गया। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और दबिश देकर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू और हथौड़ी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

