रायपुर, 16 फरवरी 2026। विदेशी जमीन पर सोने की खदान में हिस्सेदारी दिलाने का सपना दिखाकर करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वियतनाम भागने की फिराक में था, लेकिन लुक आउट सर्कुलर के चलते मुंबई एयरपोर्ट पर ही धर दबोचा गया।
यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन द्वारा की गई। मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत धारा 420, 423, 467, 468 और 120बी भादवि के अंतर्गत प्रकरण दर्ज है।
ऐसे रचा ठगी का खेल प्रार्थी समर्थ बरड़िया ने 21 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी यश राजेश शाह ने स्वयं को तंजानिया में सोने की खदान का मालिक बताते हुए उन्हें और उनके साथी मुकुल चोपड़ा को पार्टनरशिप में निवेश का प्रस्ताव दिया। आरोपी ने खदान दिखाने और भागीदारी अनुबंध तैयार करने का दावा करते हुए 1.90 करोड़ रुपये ले लिए।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के पास न तो तंजानिया गणराज्य में खनन का कोई वैध अधिकार था और न ही कथित खदान पर संचालन की अनुमति। पुलिस के अनुसार पूरी योजना सुनियोजित साजिश के तहत रची गई थी।
लुक आउट सर्कुलर से खुला रास्ता मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी देश छोड़कर वियतनाम भागने की तैयारी में मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा है। दस्तावेजों की जांच के दौरान एलओसी अलर्ट मिलने पर एयरपोर्ट अधिकारियों ने उसे रोक लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल और पासपोर्ट जब्त पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से एक आईफोन और पासपोर्ट जब्त किया गया है, गिरफ्तार आरोपी की पहचान यश राजेश शाह (28 वर्ष) निवासी घाटकोपर पूर्व, मुंबई (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और यह भी खंगाला जा रहा है कि आरोपी ने अन्य लोगों को तो इसी तरह ठगी का शिकार नहीं बनाया।


