छत्तीसगढ़

सरगुजा पैलेस के पास मिली 2 लाश : कुएं से निकाला गया महिला और पुरुष का शव, दोनों की पहचान नहीं

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के पैलेस के बगल में बने कुएं से 2 लाश मिली है। सरगुजा पैलेस और कोठीघर की दीवार से लगे कुएं में महिला-पुरुष की लाश मिलने से लोगों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। फिलहाल दोनों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के पैलेस से लगी दीवार के पास पुराना कुआं स्थित है। कुएं में बारिश का पानी लबालब है। कुएं का इस्तेमाल नहीं होने से आसपास के गैराज सहित बाकी का कचरा भी उसमें फेंका जाता है। शनिवार की शाम करीब 6 बजे कुएं से लगे गैराज और दुकान के लोगों ने कुएं में महिला और पुरुष की औंधे मुंह पड़ी लाश देखी।

इसकी सूचना उन्होंने सिटी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला और एसडीओपी अखिलेश कौशिक भी घटनास्थल पर पहुंचे। रात में दोनों शवों को निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भिजवाया गया। दोनों महिला-पुरुष के लाश की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस जांच में डॉग स्क्वॉड की भी मदद ले रही है।

पुलिस ने कहा कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि लाश की तस्वीर अन्य थानों में भी भेजी गई है। साथ ही ये भी जानकारी जुटाई जा रही है कि पिछले दिनों गुमशुदगी का कोई मामला तो दर्ज नहीं कराया गया है।

पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि मौत की वजह क्या है। हत्या करके लाश कुएं में फेंकी गई है, दोनों कचरा बीनते-बीनते उसमें गिर गए या फिर दोनों ने खुदकुशी की है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

कबाड़ बीनते थे महिला-पुरुष

भीड़ में से ही कुछ लोगों ने बताया कि दोनों का नाम तो वे नहीं जानते, लेकिन उन्होंने दोनों को पति-पत्नी के रूप में एक साथ रहते हुए देखा है। दोनों एक साथ ही घूमते थे। कई बार दोनों को एक साथ हाथ पकड़कर घूमते देखा गया था। दोनों कचरा बीनकर जीवनयापन करते थे। लोगों ने कहा कि दोनों शराब के नशे में रहते थे, तो हो सकता है कि या तो वे कुएं में गिर गए होंगे या फिर खुदकुशी कर ली होगी।

लोगों ने कहा कि दोनों पैलेस के आसपास ही झोपड़ी में रहते थे। अक्सर शराब के नशे में दोनों विवाद करते रहते थे। दोनों कहां के रहने वाले हैं और उनका क्या नाम है, इसका पता नहीं चल सका है। ASP विवेक शुक्ला ने बताया कि कुएं में मुंडेर नहीं है। उसी कुएं में महिला-पुरुष की लाश मिली है। शरीर पर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। शव एक दिन पुराना लग रहा है। दोनों कहां के रहने वाले थे और शहर में कब से रह रहे थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

  • rammandir-ramlala

Related Articles

Back to top button