सारंगढ़ बिलाईगढ़

48 वार्डों में 750 कर्मचारी निपटेंगे डेंगू से, मरीजों के लिए बना कंट्रोल रूम, डोर-टू-डोर सर्वे शुरू

शहर में डेंगू का प्रकोप चरम पर है। इस महीने 200 से अधिक लोग चपेट में आ चुके हैं। डेंगू से तीन मौतों की बात कही जा रही है। हालांकि प्रशासन का दावा है कि सूरज बेरीवाल की मौत डेंगू से हुई है। बाल संरक्षण अधिकारी और निजी अस्पताल के कम्पाउंडर की मौत दूसरी गंभीर बीमारियों के कारण हुई है। उनमें डेंगू के लक्षण जरूर थे, डेंगू रिपोर्ट निगेटिव आई है। बहरहाल शहर के बीच घनी बस्तियों से लोग डेंगू की चपेट में आ रहे हैं। बार-बार बदलते मौसम से हो रहे वायरल की भी कहर है, बुखार पीड़ित मरीज डेंगू की दहशत में हैं।

भाजपा शहर में डेंगू को लेकर सरकार पर हमलावार है। वहीं सोशल मीडिया पर नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ लोगों के गुस्से के बाद प्रशासन ने कमान संभाली है। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने गुरुवार सुबह नगर निगम अफसर और टीम के साथ संजय मार्केट जाकर सफाई कराई। उन्होंने जगह-जगह जल जमाव को तुरंत साफ करने, दवा के छिड़काव, लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय पर जागरूक करने के लिए कहा। लगभग 750 लोगों को डोर टू डोर सर्वे और साफ-सफाई के काम में लगाया गया है।

कलेक्टर ने प्रशासन के सभी विभागों के साथ सिविल सोसाइटी के स्टेक होल्डर्स की महत्वपूर्ण बैठक ली। उन्होंने कहा कि शहरवासियों का स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। डेंगू की रोकथाम के लिए पूरी क्षमता से काम करना है। कलेक्टर ने डेंगू जैसे लक्षणों के मरीजों की जांच और उपचार को लेकर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। जिला अस्पताल में डेंगू के लिए एक आइसोलेटेड वार्ड तैयार किया गया है। मेडिकल कॉलेज और शहर के निजी अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है। कलेक्टर जिला अस्पताल पहुंचे और तैयारियों का मुआयना किया।

नियम आयुक्त ने कहा- 400 लोगों की टीम कर रही सफाई डेंगू पर काबू पाने कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने प्रशासन और नगरीय निकाय के अफसर-कर्मचारियों को अलर्ट किया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू सर्वे के लिए 180 मितानिन, 160 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, 13 एएनएम और 42 सुपरवाइजर को डोर टू डोर सर्वे और जागरूकता अभियान में लगाया गया है। निगम आयुक्त के मुताबिक 400 लोगों की टीम सफाई में लगी है। 24 टीम दवा का स्प्रे और पाउडर छिड़काव कर रही है।

सर्वसमाज की बैठक बनी राजनीतिक अखाड़ा डेंगू को लेकर सर्वसमाज की बैठक बुलाई गई। बैठक में लोगों ने अपने विचार रखे। इसी बीच भाजपा पदाधिकारी ने महापौर और विधायक को लानत दी तो कांग्रेस से जुड़े लोगों ने बैठक में राजनीति न करने की बात की। बैठक से निकलकर भाजपाई ज्ञापन देने कलेक्ट्रेट पहुंचे। पीछे-पीछे सर्वदलीय बैठक में शामिल कांग्रेस और दूसरे लोग भी पहुंचे। यहां बहस शुरू हुई। इसके बाद भाजपाई महापौर के खिलाफ नारेबाजी कर धरने पर बैठ गए।

डॉक्टरी सलाह और प्रबंधन के लिए कंट्रोल रूम स्थापित डेंगू मरीजों को चिकित्सकीय सलाह और डेंगू प्रबंधन के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। चिकित्सकीय सलाह के लिए जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. टीजी कुलवेदी मोबाइल नं. 94255-75680, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीपी पटेल 88392-68592, डॉ. पीके गुप्ता 94252-52730, डॉ. प्रकाश चेतवानी 97526-14877 की ड्यूटी लगाई गई है। मरीज या उनके परिजन उक्त डॉक्टरों से संपर्क कर सलाह ले सकते हैं। डेंगू प्रबंधन के लिए जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा 79877-01654, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक पीडी बस्तिया 75870-71775 से संपर्क किया जा सकता है।

  • rammandir-ramlala

Related Articles

Back to top button