
रायपुर 23 फरवरी 2026/रायपुर नगर पालिक निगम के स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 अभियान के तहत जोन क्रमांक 3 स्वास्थ्य विभाग ने गुरू गोविन्द सिंह वार्ड क्रमांक 29 के बेहरा कॉलोनी, प्रगति नगर और जगन्नाथ नगर क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान में वार्ड पार्षद कैलाश बेहरा के नेतृत्व में घर-घर पहुंचकर नागरिकों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखने तथा प्रतिदिन सफाई वाहन को पृथक कचरा देने के लिए प्रेरित किया गया।
महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर और आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर संचालित इस अभियान में जोन अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू, जोन कमिश्नर प्रीति सिंह और जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार तांडी की सक्रिय उपस्थिति रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग के लिए नागरिक सहभागिता बेहद जरूरी है और कचरा पृथक्करण इसकी पहली शर्त है।
जोन 3 स्वास्थ्य विभाग ने रामकी कंपनी के सुपरवाइजर, वार्ड की मितानिनों और आंगनबाड़ी सहायिकाओं के साथ मिलकर शक्तिनगर क्षेत्र में भी जागरूकता रैली और संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान लोगों को बताया गया कि गीले कचरे से खाद तैयार की जा सकती है और सूखे कचरे के पुनर्चक्रण से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है।
अभियान के दौरान रहवासियों से अपील की गई कि वे स्वच्छता को आदत बनाएं, कचरा इधर-उधर न फेंकें और नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाएं। निगम प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में इसी तरह अन्य वार्डों में भी विशेष अभियान चलाकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की मुहिम को तेज किया जाएगा।






