बिलासपुर 18 अप्रैल (आरएनएस) एक करोड़ 22 लाख का गांजा तस्करी करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। सड़क मार्ग बदलकर मुख्य सड़क मार्ग से जाने वाले गांजा तस्कर रतनपुर पुलिस और एसीसीयू टीम की गिरफ्त में आ गया। पकड़े गए गांजा तस्कर के पास से 245 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत सवा करोड़ रुपए है। दरअसल, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी लगातार बढ़ती नजर आ रही है और बिलासपुर क्षेत्र अब तस्करों के लिए एक बड़े ट्रांजिट रूट के रूप में उभर रहा है। इसी कड़ी में रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 245 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। जिसकी बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक मारुति अर्टिगा कार कीमत करीब 8 लाख रुपये भी जब्त की गई है। कुल जब्ती की कीमत 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटघोरा की तरफ से मरवाही मार्ग होते हुए एक अर्टिगा वाहन सीजी 04 क्यूडी 7255 में भारी मात्रा में गांजा मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित कर नेशनल हाईवे नवापारा चौक भेडीमुंडा के पास घेराबंदी की गई। जैसे ही संदिग्ध वाहन को रोका गया और तलाशी ली गई, उसमें छिपाकर रखा गया 245 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही आरोपी अमित कुमार केवट 33 वर्ष निवासी भुतहीटोला बुढार शहडोल मध्यप्रदेश को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ रतनपुर थाना में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
ओडिशा से गांजा लेकर पहुंचते हैं छत्तीसगढ़
बिलासपुर और आसपास का क्षेत्र तस्करों के लिए सुरक्षित और सुगम मार्ग बनता जा रहा है, जहां से बड़े पैमाने पर गांजा की सप्लाई अन्य राज्यों में की जा रही है। जिसमें कुछ तस्कर अपने आपको होशियार समझकर निकल जाने की कोशिश करते है और कुछ पकड़ा जाते है। लेकिन इसके पहले गांजा तस्कर गांजा को बिलासपुर में रखकर दूसरे दिन या उत्सी दिन बाहर खपाने की भरपूर कोशिश करते है।इस कार्रवाई की तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
तस्करी करने वाले के नेटवर्क पर भी पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने बताया कि गांजा तस्करी करने वाले के नेटवर्क और उसे जुड़े हुए साथियों पर भी कारवाई की जाएगी। इसके लिए उसके मोबाइल और उसके परिजनों के अलावा उसके दौस्तों और साथियों से भी पूछताछ होगी। मोबाइल डिटेल के आधार पर गांजा की तस्करी कहा से कहां तक होती है इसका मुखिया कौन है और कौन कौन शामिल है। इस पर भी पुलिस जांच कर रही है।


