बिलासपुर 28 मई 2026/ नगर का कोनी क्षेत्र, जिसे शहर का प्रमुख एजुकेशन हब माना जाता है, पिछले कुछ समय से असामाजिक तत्वों और अवैध कब्जे की चपेट में था। इस गंभीर समस्या को देखते हुए मंगलवार को नगर निगम ने बिलासा ताल से लेकर गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी, अटल यूनिवर्सिटी और इंजीनियरिंग कॉलेज मार्ग तक व्यापक ‘कब्जा हटाओ अभियान’ चलाया। इस कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित 20 से अधिक ठेले-गुमटियों को हटाया गया और दुकानों के सामने किए गए अवैध पक्के निर्माण व शेड को भी ध्वस्त कर दिया गया।
यह कार्रवाई इसलिए भी आवश्यक हो गई थी क्योंकि इन अवैध गुमटियों की आड़ में न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि यहाँ नशे का कारोबार और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ने लगा था। छात्रों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इन ठेलों पर बैठने वाले संदिग्ध व्यक्ति छात्र-छात्राओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ करते हैं, जिससे कैंपस के आसपास असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। कार्रवाई के दौरान कब्जाधारियों ने टीम का विरोध किया और विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई, लेकिन प्रशासन ने सख्ती से अतिक्रमण साफ कराया। हालांकि, स्थानीय नागरिकों और छात्रों में अब भी यह चिंता बनी हुई है कि निगम की टीम के जाने के बाद कहीं यह कब्जा दोबारा न हो जाए, जैसा कि पूर्व के अभियानों में देखा गया है। फिलहाल, इस कार्रवाई से यूनिवर्सिटी मार्ग की सुंदरता वापस लौटी है और यातायात सुगम हुआ है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.





