कोरबा 6 जून 2026/ जिले के गुंडा और निगरानी बदमाशों के लिए बीती रात बेचैनी भरी रही। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने ऐसा सघन सत्यापन अभियान चलाया जिसमें बदमाशों के घरों से लेकर उनके संभावित ठिकानों तक पुलिस टीम पहुंची और उनकी गतिविधियों की बारीकी से पड़ताल की। अपराध पर लगाम कसने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलेभर में एक साथ हुई इस कार्रवाई ने असामाजिक तत्वों में हलचल मचा दी।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की विशेष टीमों को मैदान में उतारा गया। टीमों ने गुंडा और निगरानी बदमाशों के निवास स्थलों पर पहुंचकर उनके वर्तमान मूवमेंट, रोजगार, आय के स्रोत और दैनिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई। केवल औपचारिक जांच तक मामला सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके रहन-सहन, जीवनशैली और आर्थिक स्थिति का भी गहन परीक्षण किया गया। पुलिस ने उन लोगों की भी जानकारी एकत्र की जो पहले इन बदमाशों के साथ आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं या वर्तमान में उनके संपर्क में हैं।
जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों, असामान्य आर्थिक स्थिति और अपराधी प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उन पर विशेष निगरानी शुरू की गई। पुलिस टीमों ने संबंधित व्यक्तियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, कानून व्यवस्था भंग करने या आपराधिक कृत्य में शामिल पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उनके विरुद्ध पूर्व में की गई कानूनी कार्यवाहियों के पालन की भी जांच की गई।
कोरबा पुलिस का कहना है कि जिले में शांति, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। गौरतलब है कि पुलिस अब केवल अपराध होने का इंतजार नहीं कर रही, बल्कि अपराधियों की गतिविधियों पर पहले से नजर रखकर कानून का शिकंजा कसने की रणनीति पर काम कर रही है।





