रायगढ़ 6 जून 2026/ श्रीरामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुए मारपीट कांड में फरार चल रहे आरोपियों पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार बैकुण्ठपुर महावीर चौक निवासी वैभव ठाकुर (23 वर्ष) ने 28 मार्च 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह साउंड एंड लाइट व्यवसाय का कार्य करता है। 27 मार्च को श्रीरामनवमी शोभायात्रा के दौरान गैलेक्सी मॉल के पास कुछ लोगों के बीच विवाद हो रहा था, जिसमें उसने बीच-बचाव किया था। देर रात शोभायात्रा समाप्त होने के बाद जब वह दशरथ पान ठेला के पास खड़ा था, तब सतवेंदर सिंह उर्फ शुभम भाठिया (28 वर्ष), निवासी कोष्टापारा, कोतरारोड रायगढ़, राकेश उर्फ गोलु महंत (25 वर्ष), निवासी सोनियानगर, कोतरारोड रायगढ़, सुनील दास महंत (27 वर्ष), निवासी सोनियानगर, कोतरारोड रायगढ़ तथा उनके साथी विश्वास बैरागी वहां पहुंचे और बीच-बचाव की बात को लेकर विवाद करने लगे।
प्रार्थी के मुताबिक आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद शुभम भाठिया ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से हमला कर दिया, जबकि अन्य आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट की। हमले में वैभव ठाकुर के नाक, कंधे और हाथ में चोटें आईं। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 167/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया।
घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पहले 4 जून 2026 को विश्वास बैरागी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिले सुरागों और विवेचना के आधार पर पुलिस ने शेष तीन आरोपियों को भी धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी सतवेंदर सिंह उर्फ शुभम भाठिया की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्टील का कड़ा बरामद कर जब्त किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बहरहाल, रायगढ़ पुलिस का संदेश साफ है—कानून से भागने वाले चाहे जितने दिन छिप जाएं, ऑपरेशन क्लीन हंट की पकड़ से बचना अब आसान नहीं है।





