बलौदाबाजार 6 जून 2026/ जिले में कानून और सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस ने ऐसा अभियान चलाया, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की तैयारी और मजबूत हो गई है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने शनिवार को जिलेभर में विशेष ‘फिंगरप्रिंट अभियान’ चलाकर होटलों, ढाबों, औद्योगिक संयंत्रों और सड़क किनारे संचालित प्रतिष्ठानों में काम करने वाले 232 लोगों का सत्यापन किया और उनके फिंगरप्रिंट लेकर विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ सघन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने बाहरी और स्थानीय कर्मचारियों, श्रमिकों तथा विभिन्न प्रतिष्ठानों में कार्यरत लोगों से गहन पूछताछ की। इस दौरान उनके स्थायी निवास, वर्तमान कार्य, पारिवारिक पृष्ठभूमि और अन्य आवश्यक जानकारियां जुटाई गईं। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में आने-जाने वाले लोगों का सत्यापन कर अपराधियों और संदिग्ध तत्वों की पहचान सुनिश्चित करना तथा भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को कम करना रहा।
पूरे अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने औद्योगिक इकाइयों, होटलों, ढाबों और अन्य व्यवसायिक स्थलों पर पहुंचकर कर्मचारियों का डेटा संकलित किया। पूछताछ के साथ-साथ सभी व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लिए गए और उनके क्रेडेंशियल्स पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार यह जानकारी भविष्य में अपराध नियंत्रण, संदिग्धों की पहचान और जांच कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने कहा कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बाहरी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत लोगों का सत्यापन सुरक्षा की दृष्टि से बेहद आवश्यक है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बहरहाल, बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का यह फिंगरप्रिंट अभियान साफ संकेत देता है कि जिले में अब हर गतिविधि पर नजर है और कानून से बच निकलना पहले जितना आसान नहीं रहेगा।






