रायपुर 13 जून 2026/ बारिश से पहले नगर निगम ने नालों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लालपुर स्थित एमएमआई अस्पताल के सामने बने अवैध पाटों पर बुलडोजर चला दिया। नाले की सफाई में बाधा बन रहे करीब 10 बड़े अवैध पाटों को थ्री-डी मशीन की मदद से तोड़कर हटाया गया, जिससे जल निकासी का रास्ता साफ हो गया।
नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक-10 अंतर्गत रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड क्रमांक-55 के लालपुर क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। नगर निगम आयुक्त के निर्देशों के तहत जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एमएमआई अस्पताल के सामने नाले पर बड़े आकार के कई अवैध पाट बनाए गए थे, जिनकी वजह से नाले की नियमित सफाई प्रभावित हो रही थी और बारिश के दौरान जलभराव का खतरा बना हुआ था।
इसके बाद नगर निगम की टीम ने बिना देरी किए थ्री-डी मशीन की सहायता से करीब 10 अवैध पाटों को तोड़कर हटाया और नाले की सफाई का रास्ता पूरी तरह साफ कराया। कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की।
गौरतलब है कि मानसून से पहले नगर निगम नालों की सफाई में बाधा बनने वाले अवैध निर्माणों पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। साफ संदेश है अवैध कब्जा किया तो कार्रवाई तय है।






