सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 जुलाई 2026। सरसीवां में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना, संत कबीर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुभाष जालान ने फीता काटकर मानिकपुरी समाज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक क्षण का उपस्थित समाजजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह के साथ स्वागत किया।
मानिकपुरी समाज के लिए 29 जून 2026 का दिन ऐतिहासिक बन गया। सरसीवां-सरायपाली मुख्य मार्ग स्थित समाज के इस नवनिर्मित भवन के लोकार्पण के साथ ही महान संत कबीर प्राकट्य दिवस भी श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के साथ धूमधाम से मनाया गया। यह आयोजन समाज की एकता, संगठन और सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रतीक बनकर सामने आया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सरसीवां नगर पंचायत की अध्यक्ष गुलेचन बंजारे, उपाध्यक्ष नारायण साहू, मानिकपुरी समाज के ब्लॉक अध्यक्ष देवदास मानिकपुरी, साधुदास मानिकपुरी, सोहन दास मानिकपुरी तथा गोपाल दास मानिकपुरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मानिकपुरी समाज परिक्षेत्र सरसीवां के अध्यक्ष गौतम दास मानिकपुरी ने की।
इस अवसर पर अतिथियों ने संत कबीर के मानवता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और सामूहिक सहभागिता से निर्मित यह भवन आने वाले समय में सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
वक्ताओं ने कहा कि सरसीवां परिक्षेत्र में मानिकपुरी समाज की अच्छी-खासी संख्या निवास करती है। समाज के लोगों के सहयोग, समर्पण और सामूहिक प्रयास से निर्मित यह भवन वर्षों से महसूस की जा रही आवश्यकता की पूर्ति करेगा तथा समाज की नई पहचान के रूप में स्थापित होगा।
सरसीवां-सरायपाली मुख्य मार्ग पर निर्मित मानिकपुरी समाज का यह भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि समाज की एकता, संगठन और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और सामाजिक विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मानिकपुरी समाज के सभी पदाधिकारियों, सहयोगियों एवं समाजजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।





