बसना।
ग्राम सिरको स्थित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में नवनियुक्त अध्यक्ष लखनलाल परमार का पदभार ग्रहण एवं शपथ ग्रहण समारोह विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समिति पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया।
समारोह में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद लखनलाल परमार ने अध्यक्ष पद की शपथ ली। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की मजबूती का आधार हैं। उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष से किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा खाद, बीज, कृषि ऋण और शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समय पर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या भेदभाव नहीं होना चाहिए।
इस दौरान विधायक डॉ. अग्रवाल ने समिति परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने लगाए गए पौधों का संरक्षण करने और भावी पीढ़ियों के लिए हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश चौधरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार साहू, भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सुमित अग्रवाल, युवा मोर्चा जिला महामंत्री कामेश बंजारा, जनपद उपाध्यक्ष मोहित पटेल, जनपद सभापति प्रकाश सिन्हा, सांकरा मंडल अध्यक्ष हलधर साहू, सरपंच फगूलाल नेताम सहित विभिन्न सहकारी समितियों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।





