रायगढ़ के ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कर बच्चों ने सीखा जल संरक्षण और प्रबंधन का महत्व, मनोरंजक गतिविधियों का भी लिया आनंद
खेमराज साहू/भगत देवरी 25 नवंबर 2026/ शिक्षा को किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ने के उद्देश्य से न्यू क्रिएशन इंग्लिश मीडियम स्कूल द्वारा मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों को रायगढ़ स्थित प्रसिद्ध केलो डेम एवं केलो गार्डन का भ्रमण कराया गया, जहां बच्चों ने मनोरंजन के साथ-साथ महत्वपूर्ण व्यावहारिक जानकारियां भी हासिल कीं।
शैक्षणिक भ्रमण का नेतृत्व विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती सरोजनी कन्हेर, श्री मंजीत कन्हेर एवं श्री डेविड नायक ने किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ इस यात्रा में भाग लिया।

भ्रमण के दौरान केलो गार्डन में बच्चों ने झूले, स्विंग, स्लाइडर सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। बच्चों में पूरे समय खासा उत्साह देखने को मिला। इसके बाद विद्यार्थियों ने केलो डेम पहुंचकर बांध की संरचना, निर्माण प्रक्रिया और उसकी उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्हें बताया गया कि बांध का निर्माण क्यों आवश्यक है और जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन में इसकी क्या महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
विद्यार्थियों को रायगढ़ जिले के विकास में केलो डेम के योगदान, कृषि कार्यों के लिए जल उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था तथा आमजन के जीवन में जल संसाधनों के महत्व से भी अवगत कराया गया। इस दौरान बच्चों ने जिज्ञासापूर्वक विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं और अपने सवालों के माध्यम से विषय को समझने का प्रयास किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव कराना तथा उनमें पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे बच्चों में सीखने की जिज्ञासा बढ़ती है, आत्मविश्वास विकसित होता है और वे मनोरंजन के साथ व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त करते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने भ्रमण की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुभव और व्यक्तित्व विकास के लिए ऐसी गतिविधियां आयोजित करते रहने की बात कही।





