बिलासपुर । प्रयास प्रकाशन साहित्य अकादमी के अध्यक्ष डाॅ राघवेन्द्र दुबे तथा छत्तीसगढ़ी राजभाषा परिषद के अध्यक्ष डाॅ विवेक तिवारी को रायपुर में छत्तीसगढ़ी साहित्य सृजन के लिए साहित्य पुरोधा भगवती लाल सेन स्मृति तथागत साहित्य सम्मान से सम्मानित किया गया । विधानसभा अध्यक्ष निवास रायपुर के सभागार में यह आयोजन माननीय डाॅ रमन सिंह विधानसभा अध्यक्ष के मुख्य आतिथ्य में डाॅ शशांक शर्मा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी रायपुर की अध्यक्षता एवं डाॅ एन पी सिंह अध्यक्ष भारतीय शिक्षा बोर्ड एवं संरक्षक के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न हुआ । इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी साहित्य सृजन के लिए अन्य साहित्यकारों को भी सम्मानित किया गया । इस अवसर पर मुख्य अतिथि डाॅ रमन सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में छत्तीसगढ़ी साहित्य सृजन में बढ़ोतरी हुई है जो कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति साहित्य के संरक्षण संवर्धन के लिए आवश्यक है छत्तीसगढ़ी साहित्य के पुरोधा भगवती लाल सेन की स्मृति में साहित्य सेवियों का सम्मान प्रशंसनीय प्रयास है ।उन्होंने सभी सम्मानित जनों को तथा आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी । अपने अध्यक्षीय उदबोधन में डाॅ शशांक शर्मा ने आयोजन की प्रशंसा की तथा शिक्षा और साहित्य की दशा और दिशा पर प्रकाश डालते हुए भगवती लाल सेन की साहित्य सृजन पर प्रकाश डाला । विशिष्ट अतिथि डाॅ एन पी सिंह ने समिति के प्रयासों की जानकारी देते हुए आयोजन की जानकारी दी और खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में समिति का यह पहला आयोजन है जिसमें छत्तीसगढ़ी के साहित्यकारों को सम्मानित किया गया । इस अवसर पर डुमन लाल ध्रुव, प्रो पीयूष कुमार, डाॅ सियाराम साहू, डॉ सुरेश देशमुख, केदार दुबे, अनामिका शर्मा शशि, धनेशवरी सोनी सहित
पूरे प्रदेश से पधारे साहित्यकार उपस्थित थे ।







