छत्तीसगढ़

गांव के नाले में मिली युवक की सड़ी-गली लाश, फैली सनसनी

रायपुर। राजधानी से सटे इलाके में आज सुबह नाले से एक युवक की सड़ी-गली लाश मिली। पुलिस ने मामलें में जानकारी देते हुए बताया कि खरोरा थाना क्षेत्र के सारागांव में एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक का शव बंद नाली की नीचे मिला है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेज दिया है। मृतक के स्वजन को सूचना देकर जांच की जा रही है। खरोरा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार परमेश्वर यादव उम्र लगभग 23 वर्ष का शव सारागांव में सुरेश ढाबा के पास नाली में मिला। शव चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक पेशे से ड्राइवर था।

वह मूलत: खैरागढ़ का रहने वाला था। वह किसी काम से उस क्षेत्र में गया था। हालांकि वहां से कोई गाड़ी बरामद नहीं हुई है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान हैं। चेहरा बुरी तरह से सड़ गया है। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के शव को नाली में पड़े कुछ दिन गुजर गए थे। शव के सड़ने पर जब दुर्गंध उठी तब कुछ लोगों ने जाकर देखा तो शव दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पुलिस आस-पास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Back to top button