वैशालीनगर थाना क्षेत्र का मामला:महिला से घर घुसकर गैंग रेप, एक गिरफ्तार

भिलाई : वैशाली नगर थाना अंतर्गत महिला के घर में घुसकर दो परिचितों ने गैंग रेप की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के समय पति बच्चों के साथ नुआखाई त्यौहार मनाने ओडिशा गया था। लौटने पर पीड़िता ने पति को आप बीती बताई। इसके बाद शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने मामले में धारा 376(घ), 450, 506 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दूसरा अब भी फरार है। एएसआई राजेश मणि ने बताया कि पीड़िता मूलत: ओडिशा की रहने वाली है। यहां पति के साथ मजदूरी करती है।
इन दिनों निर्माणाधीन मकान के स्टोर रूम में अपने परिवार के साथ रह रही थी। 17 सितंबर की दोपहर 2 बजे पीड़िता का पति बच्चों को लेकर नुआखाई त्यौहार मनाने के लिए काटाभाजी जिला बलांगीर ओडिशा चला गया। जबकि महिला घर में अकेली थी। 18 सितंबर की रात में पीड़िता कमरे में सो गई थी। रात 11 बजे मॉडल टाउन निवासी शंकर जगत और जय कुमार उसके घर में जबरदस्ती घुसे। घटना को अंजाम दिया। मामले में शंकर जगत को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य जय कुमार अब भी फरार है।